समय की कमी के कारण एक विश्वविद्यालय प्रोफेसर कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करके Ph.D. मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करता है और कुछ संशोधनों के साथ जमा कर देता है। जवाबदेही और सत्यनिष्ठा के दृष्टिकोण से इसकी चर्चा कीजिए।
GS Paper 4 — Ethics
एक व्यावसायिक प्रतिष्ठान ऐसी परियोजना पर कार्य कर रहा है जिससे वन समुदाय को उसके आवास से विस्थापित किया जा सकता है। जिले के प्रशासनिक अधिकारी के रूप में आपको किन नैतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है?
एक लुप्तप्राय जनजाति में गंभीर अस्थि-विकृति विकसित हुई है। विश्वविद्यालय शोध ने खनिज पूरक को संभावित उपचार बताया है, किन्तु क्लिनिकल ट्रायल अभी नहीं हुए हैं। क्या जिलाधिकारी को इस शोध का जनजाति पर उपयोग करना चाहिए? चिकित्सा और प्रशासनिक नैतिकता के दृष्टिकोण से चर्चा कीजिए।
राष्ट्रीय सुरक्षा को मानवाधिकार संबंधी चिंताओं के साथ किस प्रकार संतुलित किया जा सकता है?
डॉ. बी.आर. आंबेडकर ने संवैधानिक लोकतंत्र में सविनय अवज्ञा के प्रयोग को ‘अराजकता’ का समर्थन कहा था। वास्तविक सामाजिक न्याय संबंधी चिंताओं वाली नीतियों के विरुद्ध सविनय अवज्ञा आंदोलनों से उत्पन्न नैतिक दुविधाओं का आधुनिक लोकतंत्र किस प्रकार सामना करें?
भारतीय प्रशासनिक अधिकारी शासन में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए गांधीजी की ‘ट्रस्टीशिप’ की अवधारणा को किन रूपों में लागू कर सकता है?
शेक्सपियर ने Henry IV में कहा है, “यदि हथियार उठाने का उद्देश्य न्यायपूर्ण हो तो हथियार भी न्यायपूर्ण हैं।” शासन में इसके नैतिक निहितार्थ क्या हैं?
दीर्घकालीन दवा के गंभीर दुष्प्रभावों का उल्लेख कर एक डॉक्टर महिला रोगी के परिवार को शल्यक्रिया के लिए राजी करता है। रोगी की मूल पसंद दवा जारी रखने की थी, फिर भी वह अनिच्छा से शल्यक्रिया के लिए सहमत होती है। डॉक्टर की कार्रवाई का विश्लेषण करते हुए paternalism और beneficence की अवधारणाएँ स्पष्ट कीजिए।
Efficiency का अर्थ कार्यों को सही तरीके से करना है, जबकि Effectiveness का अर्थ सही कार्य करना है। उत्पादकता बढ़ाने के लिए दोनों में संतुलन कैसे स्थापित करेंगे?
दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालय प्रायः सरकारी नियमों का पूर्ण अनुपालन नहीं करते; पर यदि नियमों को कठोरता से लागू किया जाए तो अनेक विद्यालय बंद हो सकते हैं। प्रशासक नियम-प्रवर्तन और बच्चों के शिक्षा-अधिकार के बीच संतुलन कैसे स्थापित करे?
अंतरराष्ट्रीय संबंधों में नैतिक विचारों को प्रायः राष्ट्र-राज्यों के रणनीतिक हितों के अधीन कर दिया जाता है। नैतिक दृष्टिकोण से चर्चा कीजिए।
अपने निजी सहायक के अनुरोध पर जिलाधिकारी ऐसे स्कूल शिक्षक का स्थानांतरण रोक देता है जो सीखने की अक्षमता वाली उसकी बेटी को निजी ट्यूशन देता है। इस संदर्भ में सहानुभूति बनाम नियम-अनुपालन के पहलुओं की चर्चा कीजिए।
कुछ नैतिक दार्शनिकों का तर्क है कि यदि हमारी आर्थिक स्थिरता पर गंभीर प्रभाव न पड़े तो अपने संसाधनों का कुछ भाग अत्यधिक पीड़ित लोगों की सहायता में लगाना हमारा नैतिक कर्तव्य है, केवल दान नहीं। कर्तव्य और दान के अंतर को स्पष्ट करते हुए इस दावे को उचित ठहराइए।
लता, दो बच्चों की माँ, तीव्र पेट दर्द के कारण अस्पताल में भर्ती हुई। उसकी ननद सुजाता उसके साथ थी। डॉ. मानसी ने जाँच कर सामान्य एनेस्थीसिया में diagnostic laparoscopy की सलाह दी और लता की सहमति ली।
लैप्रोस्कोपी के दौरान गर्भाशय में ट्यूमर मिला जो घातक हो सकता था। एक विकल्प biopsy के लिए नमूना लेना और बाद में आवश्यकता होने पर दूसरी शल्यक्रिया करना था; दूसरा विकल्प उसी समय गर्भाशय निकाल देना था। लता बेहोश थी, इसलिए डॉक्टर ने स्थिति सुजाता को समझाई। सुजाता की लिखित सहमति पर hysterectomy कर दी गई। अगले दिन जानकारी मिलने पर लता अत्यंत दुखी हुई क्योंकि उसने गर्भाशय हटाने की सहमति नहीं दी थी। पुलिस और सुजाता ने डॉक्टर की नेक नीयत का तर्क दिया, पर लता न्यायालय जाने का निर्णय करती है।
- इस मामले में शामिल नैतिक मुद्दों की चर्चा कीजिए।
- इस स्थिति में डॉक्टर के नैतिक आचरण की चर्चा कीजिए।
रवि एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी है जिसे दंगा नियंत्रण और साइबर-पुलिसिंग का व्यापक अनुभव है। वह एक वर्ष से ऐसे जिले का पुलिस अधीक्षक है जहाँ दंगों का इतिहास रहा है। उसके अनुरोध पर लगभग छह महीने से AI-सक्षम predictive policing प्रणाली चल रही है, जो भीड़ में लोगों का biometric data पकड़कर उसे data library से मिलाती है और अपराध-संदिग्धों की पहचान करती है।
प्रणाली ने एक प्रवासी और निम्न-आय वाले मोहल्ले को gang violence और drug trafficking का केन्द्र बताया। पुलिस ने वहाँ गश्त, preventive detention और checkpoints बढ़ाए, जिससे कानून-व्यवस्था में सुधार दिखा। बाद में समुदाय नेताओं, नागरिक अधिकार वकीलों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रणाली पक्षपाती ऐतिहासिक डेटा और भेदभावपूर्ण पुलिसिंग पर आधारित है; निगरानी से तनाव पैदा हुआ है और लोगों को अपने बारे में दर्ज डेटा की जानकारी भी नहीं है।
- डेटा-आधारित पुलिसिंग में AI के उपयोग से जुड़े नैतिक मुद्दों और पक्षपातों की पहचान कीजिए।
- रवि की भूमिका में उपलब्ध विकल्पों की चर्चा कीजिए तथा उस कार्रवाई को उचित ठहराइए जो नैतिक अनुपालन को अधिकतम करती हो।
सीमा ईमानदारी और दक्षता के लिए प्रसिद्ध वरिष्ठ नौकरशाह है और हाल ही में सुरिंदर नगर की जिलाधिकारी नियुक्त हुई है, जहाँ बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित हो रहा है। अनेक किसानों ने कृषि भूमि को आवासीय उपयोग में बदलने के लिए Change of Land Use (CLU) आवेदन दिए हैं और बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हैं। सीमा देखती है कि कुछ आवेदन क्रम के बिना चयनात्मक रूप से स्वीकृत हुए और रिश्वत की शिकायतें भी हैं।
जाँच से पता चलता है कि कुछ दलाल अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से अवैध नेटवर्क चला रहे हैं। इससे ईमानदार कर्मचारियों में भय है और आवेदन-निपटान ठप हो गया है। आक्रामक आंतरिक जाँच से संस्थागत प्रतिरोध और कर्मचारी संघों की प्रतिक्रिया हो सकती है; पर स्थिति की अनदेखी से भ्रष्टाचार और जनता की परेशानी बढ़ेगी।
- इस मामले में शामिल नैतिक मुद्दों की चर्चा कीजिए।
- सीमा के सामने उपलब्ध विकल्पों का विश्लेषण कीजिए और अनुशंसित विकल्प को उचित ठहराइए।
विकास एक अनुभवी सरकारी अधिकारी है जिसे हाल ही में नैनिपुरा नामक दूरस्थ पहाड़ी जिले का जिलाधिकारी बनाया गया है। जिले में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली का सुचारु संचालन उसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में है।
लीकेज रोकने हेतु वितरकों को लाभार्थियों का real-time biometric authentication करना होता है। बच्चों, श्रमिकों और वृद्ध लोगों के fingerprints कई बार match नहीं होते, और खराब Wi-Fi से समस्या बढ़ती है। ऐसी स्थिति में वितरक पहचान के आधार पर व्यक्तिगत विवेक का उपयोग करते हैं। नियमों का कठोर पालन वित्तीय शुचिता सुनिश्चित कर सकता है पर पात्र गरीबों को राशन से वंचित कर सकता है; दूसरी ओर अनियंत्रित विवेक दुरुपयोग और लीकेज बढ़ा सकता है।
- विकास के सामने कौन-से विकल्प हैं? वह वित्तीय शुचिता और लाभार्थियों के प्रति सहानुभूति में संतुलन कैसे बनाए?
- कल्याणकारी योजनाओं में प्रौद्योगिकी को gatekeeper बनाने की नैतिकता की चर्चा कीजिए।
राजापुरम सीमावर्ती जिला है जहाँ झारा और बिरू समुदाय लगातार संघर्षरत हैं। भूमि दावों, असमान संसाधन वितरण और अपर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व के कारण हिंसा और अनेक मौतें हुई हैं। दोनों समुदायों के लिए अलग राहत शिविर बनाए गए हैं और स्थिति अत्यंत अस्थिर है।
राजन को जिलाधिकारी बनाकर प्रशासनिक अधिकार बहाल करने, राजमार्ग खोलने और शांति वार्ता शुरू करने की जिम्मेदारी दी गई है। वह पाता है कि सामुदायिक विभाजन स्थानीय प्रशासन और पुलिस तक पहुँच चुका है, जिससे दोनों समुदाय सरकार पर अविश्वास करते हैं। पड़ोसी देश इस स्थिति का उपयोग उग्रवाद बढ़ाने के लिए कर सकता है। राजन पहले राजमार्ग खोलकर भोजन और चिकित्सा आपूर्ति बहाल करना चाहता है और CRPF की सहायता लेने पर विचार करता है।
- इस मामले में किन नैतिक मुद्दों को संबोधित करना आवश्यक है?
- राजन के सामने उपलब्ध विकल्प क्या हैं? कौन-सा विकल्प उसकी गैर-पक्षपाती छवि की रक्षा करते हुए नैतिकता से समझौता नहीं करेगा?
अजीत को रक्षा उत्पादन मंत्रालय के Weapon Sales विभाग का प्रमुख बनाया गया है। हाल के युद्धों में घरेलू हथियारों के अच्छे प्रदर्शन से कई देशों ने विशेषकर लंबी दूरी की तोप और मिसाइल खरीदने में रुचि दिखाई है। उत्पादन सीमाओं के कारण देश A और देश B में से केवल एक का आदेश स्वीकार किया जा सकता है।
देश A तकनीकी रूप से सक्षम विकासशील देश है, जिसके साथ अगली पीढ़ी के हथियारों के R&D सहयोग की योजना है। वह किसी सुरक्षा गठबंधन का सदस्य नहीं है और पड़ोसी से रक्षा हेतु दीर्घकालीन ऋण पर बड़ी खरीद चाहता है। देश B भी विकासशील है, सैन्य व्यय को प्राथमिकता देता है, एक महाशक्ति के सुरक्षा गठबंधन में है, NPT का हस्ताक्षरकर्ता नहीं है, छोटे परमाणु हथियार और delivery systems रखता है तथा विदेश में कुछ guerrilla forces का समर्थन करता है। वह कम मात्रा में खरीद पर अग्रिम भुगतान को तैयार है।
संबंधित विभाग आर्थिक लाभ, रोजगार और राजनयिक संबंधों की संभावनाएँ बताते हैं, साथ ही यह भी कि अस्वीकार करने पर देश B अन्य आपूर्तिकर्ता से हथियार ले सकता है। अजीत जानता है कि रक्षा निर्यात में राष्ट्रीय नीति और अंतरराष्ट्रीय संधियों के अनुरूप कठोर due diligence आवश्यक है।
- अजीत के सामने उपलब्ध विकल्पों की चर्चा कीजिए। उसे कौन-सा विकल्प चुनना चाहिए और क्यों?
- राष्ट्रीय आर्थिक और रणनीतिक हितों को नैतिक विचारों के साथ अजीत कैसे संतुलित कर सकता है?